रेलवे स्टेशन में हैल्थ एटीएम के लिए बना केबिन ।
दून रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर यात्रियों को हेल्थ एटीएम की सुविधा देने की तैयारी है। इस बाबत स्टेशन पर हेल्थ एटीएम बनाने का कार्य चल रहा है। हेल्थ एटीएम में ब्लड प्रेशर और शुगर समेत स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जांच कराई जा सकेंगी।
दून रेलवे स्टेशन अब देश के उन चुनिंदा स्टेशनों में शुमार हो जाएगा है जहां पर हेल्थ एटीएम लगे हैं। हेल्थ एटीएम नए प्लेटफार्म नंबर एक और दो के बीच में लगाया जा रहा है। इसका केबिन तैयार हो चुका है। अब जांच मशीनों को इंस्टाल किया जाना है। इसके बाद यात्रियों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार करते समय या दून स्टेशन पहुंचने पर यात्री स्वास्थ्य जांच करा सकते हैं। इसमें विभिन्न तरह की जांच को शामिल किया जा रहा है। लगभग 50 से 100 रुपये में 16 से अधिक बीमारियों की जांच कराई जा सकती है। अधिकारियों ने बताया कि इसकी रिपोर्ट भी यात्रियों को हाथ हाथों मिल जाएगी। इसके अलावा जांच रिपोर्ट मोबाइल और ई-मेल पर मिल सकेगी। स्टेशन निदेशक गणेश चंद ठाकुर ने बताया कि प्लेटफार्म पर हेल्थ एटीएम लगाने का काम चल रहा है।