उत्तराखंड के रामनगर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के साथ आपत्तिजनक फोटो खीचने पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रकरण का पता चलते ही डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समिति और बहुजन समाज पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
नगर पालिका स्थित डॉ. अंबेडकर की मूर्ति के साथ दो युवकों ने आपत्तिजनक फोटो खीची और स्थानीय कलर लैब में फोटो बनवाई। उक्त फोटो उनसे भवानी गंज में गिर गई।
किसी ने फोटो उठाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समिति को दे दी। इस पर आक्रोश फैल गया। उन्होंने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
डॉ. अंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
समिति के संयोजक विनोद अंजान ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
बताया कि इसके विरोध में पार्टी कार्यकर्ता छह अगस्त को एसडीएम एसएस जंगपागी को ज्ञापन देंगे। वहीं एसएसआई मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात युवकों के विरुद्ध 153 क, ख एवं 295 क में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
इस दौरान कैलाश आर्यवाल, देवेंद्र कुमार, असलम कादरी, विजयपाल, सोनू, राजेश कुमार, सूरज कुमार, राम पदारथ, अनिल कुमार आदि मौजूद थे।