सेल्फी का बुखार कितना जानलेवा है, एक बानगी देखने को मिली। हुआ यूं कि पुल पर चढ़कर सेल्फी लेते हुए एक किशोर फिसल गया। लेकिन वह चमत्कार ही था, जो उसके साथ था। पढ़ें, पूरी खबरे...
घटना पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार की है। दो किशोर लालपुर के पास देखे गए। उनमें से एक लोहे के गार्डर पुल के बीचों-बीच ऊपर चढ़कर मोबाइल से फोटो खिंचवा रहा था। उसका यह शौक उसके जीवन पर भारी पड़ सकता था। इस दौरान किशोर का हाथ फिसल गया।
तभी उसने दूसरे हाथ से पुल का सहारा ले लिया, जिससे वह नदी में गिरते-गिरते बच गया। दुगड्डा निवासी समाजसेवी दीपक ध्यानी, जगमोहन सिंह, नरेश कुमार का कहना है कि कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग और कोटद्वार-दुगड्डा के बीच किशोर और युवाओं का जमघट चिंताजनक होता जा रहा है।
इस ओर पुलिस और प्रशासन को ध्यान देना होगा। कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने बताया कि इस तरह की कोई सूचना उनके पास नहीं आई है। सुरक्षा कारणों से मार्ग पर गश्त बढ़ाई जाएगी।