घर से 20 बार भाग चुका 12 वर्षीय बालक एक बार फिर हरिद्वार पुलिस के हत्थे चढ़ा। इसके बाद उसका सही नाम-पता पूछने में पुलिस के पसीने छूट गए।
मंगलवार को हरिद्वार के स्थानीय नागरिकों ने एक 12 वर्षीय बालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद दिनभर नाम-पता जानने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
कभी चंडीगढ़ तो कभी दिल्ली, हरियाणा का होना बताकर बालक पुलिस को उलझाता रहा। बुधवार को उसने अपना सही नाम पता बताया। एसएसआई पंकज देवरानी ने बताया कि दिल्ली निवासी अजय उर्फ मन 20 बार घर से भाग चुका है।
बताया कि उसकी मां ने तलाक के बाद कोटद्वार के रहने वाले पेशे से चालक रमेश से दूसरी शादी की थी। उसकी एक बेटी भी है। मां के पहुंचने पर बालक को उसके सुपुर्द कर दिया गया।
वो अगस्त से गायब था। उसके घर से अक्सर फरार होने के कारण दिल्ली पुलिस भी अब उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं करती है।