शुक्रवार की सुबह तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक महिला घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती किया गया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अस्पताल पहुंचकर महिला का हालचाल पूछा। तहसील डोईवाला के दूरस्थ थानों न्याय पंचायत के धारकोट चमोलीगढ गांव में शुक्रवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई।
सुबह तेज हवा और बारिश के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में एक युवक और महिला आ गए। उपजिलाधिकारी डोईवाला कुश्म चौहान ने बताया कि संबधित लेखपाल से मिली जानकारी के अनुसार राकेश 25 पुत्र जय सिंह के ऊपर बिजली गिर गई।
उस वक्त वह खेतों में काम करने के लिए जा रहा था। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला बाला देवी भी घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में पहुंचाया गया। एसडीएम डोईवाला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक को मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि पुलिस से जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है।