बड़े भाई के साथ देहरादून में रहकर पढ़ाई करने वाले एक छात्र ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। उसकी उम्र 17 साल थी, लेकिन वह सातवीं में पढ़ रहा था।
सुसाइड से पहले वह कर रहा था दून छोड़ने की जिद
वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहना वाला था। खुदकुशी की वजह तो साफ नहीं हो पाई है, लेकिन चौबीस घंटे से वह दून छोड़ने की जिद कर रहा था।
उत्तरकाशी निवासी धर्मवीर राणा का बड़ा बेटा पिंटू राणा सहस्त्रधारा रोड स्थित मेला राम कॉलोनी में किराए के मकान में छोटे भाई रामबीर के साथ रहता था। दूसरे कमरे में पिंटू के ममेरे भाई भी रहते हैं। पिंटू डीएवी में पढ़ने के साथ प्राइवेट जॉब करता है, जबकि रामबीर तपोवन रोड स्थित ग्रीन हिल्स स्कूल में कक्षा सात का छात्र था।
इन दिनों रामबीर के पेपर चल रहे थे। मंगलवार सुबह साढे़ ग्यारह बजे वह स्कूल से लौटा और कुछ देर तक खेलने के बाद कमरे में चला गया। आधा घंटे बाद पिंटू अंदर गया तो छोटा भाई बेहोश पड़ा था। पिंटू उसे दून अस्पताल ले आया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार पिंटू भी खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं कर पाया। पिंटू के अनुसार किसी तरह का विवाद या तनाव नहीं था। सोमवार दोपहर से रामबीर दून छोड़ने की बात जरूर कह रहा था। सुबह स्कूल जाते समय यही बात कहकर गया था।
एसओ रायपुर अबुल कलाम ने बताया कि उम्र ज्यादा होने के बावजूद रामबीर सातवीं में कैसे रह गया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से बात की जाएगी।