नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी विप्लव गुट के ओली सरकार की नीतियों के खिलाफ एक दिनी नेपाल बंद के आह्वान के दौरान कैलाली जिले में बारूदी विस्फोट की घटना प्रकाश में आई है।
यहां गौरीगंगा क्षेत्र में एक सरकारी कार्यालय के पास बारूदी विस्फोट किया गया। दूसरी ओर धनगढ़ी में एक सरकारी कार्यालय के बाहर विस्फोट की कोशिश की गई। लेकिन नेपाल सेना समय रहते ही दूसरे बम को निष्क्रिय कर दिया। बम विस्फोट की घटना के बाद स्थानीय बाशिंदे दहशत में हैं। इधर, सीमा स्थित नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय महेंद्रनगर में बंद बेअसर रहा।
शनिवार को नेपाल बंद के दौरान कैलाली के गौरीगंगा नगर पालिका वार्ड 10 में स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय भवन के पास विस्फोट हुआ। जोरदार धमाके से कार्यालय और 50 मीटर दूरी तक मौजूद लोग सहम गए। विस्फोट की जानकारी होने पर लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि, विस्फोट में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस घटना के बाद प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया। नेपाली सेना और पुलिस ने सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक इलाकों में चेकिंग की।