उत्तराखंड के कोटद्वार में झंडाचौक स्थित जामा मस्जिद की तीसरी मंजिल के एक कमरे में बुधवार शाम करीब पौने पांच बजे वेल्डिंग मशीन फटने से एक के बाद एक हुए तीन धमाकों से मस्जिद परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना के दौरान मस्जिद में असरे की नमाज चल रही थी।
धमाके के बाद तीसरी मंजिल के एक कमरे से धुआं उठा तो लोगों ने फायर बिग्रेड और कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। धमाके के दौरान कमरे में वेल्डिंग करने वाला कारीगर बुरी तरह झुलस गया।
उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मस्जिद में धमाके की खबर लगते ही पुलिस, प्रशासन और खुफिया तंत्र के पसीने छूट गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। जांच के लिए कमरा सील कर दिया गया है।
धमाके की चपेट में आया वेल्डिंग कर्मी, गंभीर घायल
वेल्डिंग करने वाला युवक मो. जियाऊरहमान पुत्र अजीजुलरहमान निवासी मछली बाजार नजीबाबाद बिजनौर गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस के अनुसार वह घायल कोटद्वार में एक ग्रिल कंपनी में तीन साल से काम कर रहा है। घायल ने पूछताछ में बताया कि वह वेल्डिंग कर रहा था, इसी बीच मशीन की एक क्वाइल फट गई।
वह कमरे से बाहर की ओर दौड़ रहा था कि दूसरी क्वाइल फट गई। ऊपर की मंजिल होने के कारण धमाकों की आवाज शहर में सुनाई दी, जिससे लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। धमाके के बाद कमरे से उठे धुंएं के गुबार से मस्जिद के सामने नजीबाबाद मार्ग पर पर भीड़ एकत्र हो गई।
इमाम ने कहा, संदेह की कोई बात नहीं
वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह, एसआई मो. युनूस खान की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और लोगों से जानकारी ली। पुलिस मामले को वेल्डिंग मशीन के फाल्ट से जोड़कर देख रही है।
जामा मस्जिद के इमाम मौलाना बदरूल इस्लाम अंसारी ने कहा कि घटना तीसरी मंजिल पर वेल्डिंग के दौरान मशीन की खराबी के चलते हुई है। इसमें कोई संदेह की बात नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस मामले की जांच कर रही है।