देहरादून। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों की वन टाइम सेटलमेंट सहित अन्य मांगों के समर्थन में चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। महापंचायत ने मुख्यमंत्री से विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों और धर्मशालाओं में वर्षों से सेवारत अस्थायी कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का आग्रह किया।
महापंचायत के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल व महासचिव डॉ. बृजेश सती ने कहा कि मंदिर समिति में तीन सौ से अधिक कर्मचारी लंबे समय से अस्थायी रूप से सेवाएं दे रहे हैं। ये कर्मचारी समय-समय पर नियमितीकरण की मांग उठाते रहे हैं, लेकिन अब तक सभी कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। बदरीनाथ, केदारनाथ के अलावा अधीनस्थ मंदिरों, ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर, ऊखीमठ, तुंगनाथ सहित अन्य स्थानों पर कार्यरत अस्थायी कर्मचारी मांगों के लिए पिछले एक सप्ताह से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।