राजनाथ सिंह ने सीएम पुष्कर सिंह धामी की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि धामी ने 6 माह के कार्यकाल में करिश्माई कार्य किया है। मैं स्वयं उत्तरप्रदेश का मुख्यमंत्री रह चुका हूं। लेकिन मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि 6 माह के भीतर कोई व्यक्ति इतने फैसले कर सकता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं उत्तराखंड की जनता से अपील करता हूं कि नीयत और ईमान की कसौटी पर किसी को परखा जाना चाहिए। हमने केवल घोषणाएं ही नहीं की हैं। बल्कि उस पर अमल भी किया है। ऐेसे मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है। सीएम धामी को पुष्कर सिंह धामी नहीं बल्कि धाकड़ धामी कहा जाना चाहिए। सीएम के रूप में धामी बड़ी सधी हुई बल्ले बाजी कर रहे हैं।
नाम लिए बिना हरीश रावत पर साधा निशाना
उत्तरकाशी। राजनाथ सिंह ने बिना नाम लिए ही हरीश रावत पर निशाना साधा। राजनाथ ने कहा कि उत्तराखंड के एक पूर्व सीएम कहते हैं कि नरेंद्र मोदी मार्केटिंग करने उत्तराखंड आते हैं। कांग्रेस के ये पूर्व सीएम फिर से मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, कहते हैं कि केदारनाथ में गुफा कांग्रेस ने बनाई और मोदी उसमें जाकर बैठ गए। राजनाथ ने कहा कि मैं उन पूर्व मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि यदि आपने गुफा बनाई तो साधना करने के लिए आप उस गुफा में बैठने की हिम्मत क्यों नहीं जुटा पाए। राजनाथ ने कहा कि किसी पर आरोप लगाने से पहले सोचना चाहिए। हमने देश के किसी प्रधान मंत्री पर कोई अर्नगल आरोप नहीं लगाए। चाहे वह कोई भी रहा हो।
पांच साल में 10 सीएम बदले, आप से क्या लेना देना
रक्षामंत्री राजनाथ ने कहा कि विरोधी दल कह रहे हैं कि भाजपा ने पांच साल में तीन सीएम बदले। हम पांच साल में 10 सीएम बदलें, आप से क्या लेना देना। हमने किसी व्यक्ति को प्रोजेक्ट कर चुनाव नहीं लड़ा था। किसी एक को प्रोजेक्ट पर चुनाव लड़ा होता तो हम पांच वर्ष में एक भी मुख्यमंत्री नहीं बदलते। पार्टी ने चुनाव लड़ा था। पार्टी का यह अंदरूनी मामला था। हम को जब लगा, पार्टी ने फैसला किया और सीएम बदल दिया। हमारा कोई भी सीएम बुरा नहीं था। बड़ी पार्टी होती है, उसको कई चीजों को सोच विचार कर फैसले करने पड़ते हैं। लेकिन कांग्र्रेस में देखिए चुनाव शुरु हुआ नहीं कि मारा-मारी शुरु हो गई।
2024 तक सभी को मिलेगा पक्का मकान
राजनाथ सिंह ने कहा कि 2024 तक देश में सभी को पक्का मकान उपलब्ध होगा। कोई भी कच्चे मकान में नहीं रहेगा। इस योजना पर तीन चौथाई से अधिक काम पूरा हो चुका है। 2024 के बाद किसी भी घर की माता बहन को पानी के लिए घर से बाहर नहीं जाना होगा। हर घर में नल होगा, हर नल से जल प्राप्त होगा। आयुष्मान कार्ड से प्रति वर्ष पांच लाख तक का मुफ्त इलाज होगा।
दिल्ली से 6 हजार रूपए चलतें हैं तो उत्तरकाशी में भी 6 हजार ही पहुंचते हैं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह पूर्व प्रधान मंत्री राजीव गांधी का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने एक बार कहा था के मैं परेशान हो गया, मेरी समझ में नहीं आ रहा कि मैं क्या करूं। मैं 100 रुपया यदि दिल्ली से भेजता हूं तो उत्तरकाशी में लोगों के पास पहुंचते-पहुंचते 15 पैसे पहुंचता है। उन्होंने यह लाचारी, अपने दिल की वेदना व्यक्त की थी। राजनाथ ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने ऐसा सिस्टम बनाया कि यदि 6 हजार रूपए दिल्ली से चलता है तो पूरा 6 हजार रूपए ही आपके खाते में पहुंचता है।
साफ हो रही कांग्रेस को कभी-कभी उत्तराखंड दे देता है शरण
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद कांग्रेस लगभग सारे देश से साफ होती जा रही है। लेकिन आप लोग कभी-कभी कांग्रेस को शरण दे देते हैं। कांग्रेस कहीं आकर दुबक कर बैठ जाती है तो उत्तराखंड में। राजनाथ ने कहा कि इस बार कांग्रेस को दुबकने मत देना। हर बार जो आप टेस्ट करथते हैं कि इस बार इनको, उस बार उनको। इस सोच से आप बाहर निकलिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अपने रजत जयंती वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए बोधिसत्व कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रत्येक विभाग से अगले दस साल का रोडमैप मांगा जा रहा है। साथ ही विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों तथा समाजिक क्षेत्र में काम करने वालों के विचार लेने के लिए विचार श्रृखंला प्रारंभ की गई है।
बृहस्पतिवार को अपने संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि मुख्यसेवक के रूप में अपने कार्यकाल में लिए फैसले, अपनी पारी में किए काम गिनाए। उन्होंने कहा कि पिछले छह माह से मुख्यसेवक के रूप में काम कर रहा हूं। जिसमें जो भी फैसले या घोषणाएं की है। उनके शासनादेश निकालने के साथ वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। चाहे वह आशा बहनें हो, आंगनबाड़ी, उपनल कर्मचारी, राज्य आंदोलनकारी, पीआरडी के जवान, भोजनमाता तथा नए खिलाड़ी भाईयों के लिए खेल नीति लेकर आए हैं।
कहा कि उन्हें पत्रकार कहते हैं कि उन्हें समय कम मिला। लेकिन उनका कहना है कि जितना भी समय मिला। उसमें उन्होंने कोशिश की है कि एक- एक पल उत्तराखंड वासियों के लिए समर्पित हो। कहा कि पूर्व में चुनाव से पहले अधिकारी काम छोड़ देते थे। आज उन्हें बताते हुए खुशी है कि आचार संहिता लगने वाली है। लेकिन मुख्य सचिव समेत सारे लोग अपने दफ्तरों में काम कर रहे हैं। जबकि दो महीने पहले सारे दफ्तरों में ढिलाई हो जाती थी।
कहा कि शपथ ग्रहण के बाद ही रिक्त चल रहे 24 हजार पद भरने का काम किया है। जिसकी भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। रात के 12 बजे तक लोकसेवा आयोग के कार्यालयों में काम चल रहा है। उन्होंने आशाओं का दीप हमें कोने में यूं ही जलाना है। शपथ हमें इस मिट्टी की भारत को स्वर्ग बनाना है..के साथ अपना भाषण समाप्त किया।