भाजपा ने आने वाले दिनों के लिए रणनीति बनाई है। इसके तहत प्रदेश संगठन ने प्रशिक्षण शिविरों से लेकर आंदोलन चलाने तक सभी मुद्दों का खाका खींच लिया है।
प्रदेश कार्यालय प्रभारी ऊर्बादत्त भट्ट ने बताया कि प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों की पैरवी करने की जिम्मेदारी केंद्र में भाजपा के पांचों सांसदों पर होगी।
सांसद और पदाधिकारी करेंगे बैठक
दस व ग्यारह अक्टूबर को पांचों सांसद व महामंत्री (संगठन) प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर बैठक करेंगे। चार, पांच व छह नवंबर को तीन चरणों में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा।
पहले चरण में विधायक व जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। दूसरे चरण में नगर निगमों में भाजपा के मेयर व पार्षद, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष व सदस्य शामिल होंगे।
तीसरे चरण में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीते प्रतिनिधि भाग लेंगे। नवंबर माह को भाजपा ने आंदोलन के नाम रखा। भ्रष्टाचार, खराब कानून व्यवस्था, अवैध खनन आदि मुद्दों पर भाजपा आंदोलन करेगी और विधानसभा का घेराव भी होगा।
हरियाणा में जुटे प्रदेश भाजपाई
खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने अंबाला में डेला डाला है। यहां पंद्रह अक्टूबर को मतदान है।
धामी के साथ कैलाश पंत, धनोल्टी विधायक महावीर रांगड मौजूद हैं। इसके अलावा हरिद्वार शहर विधायक मदन कौशिक ने भी अपनी टीम के साथ सोनीपत में डेरा डाल रखा है।