मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल को किस तरह से जनता के बीच ले जाया जाए, उसका प्रभावी तरीका क्या हो सकता है। मीडिया की भूमिका क्या होनी चाहिए।
इन सारे सवालों के जवाब दिल्ली में बीजेपी की मीडिया को लेकर राष्ट्रीय कार्यशाला में तलाशे जाएंगे। उत्तराखंड जैसे उन राज्यों में जहां, हाल ही में बीजेपी की सरकार बनी है, तीन साल के अभियान को और प्रभावशाली ढंग से सामने लाने की अपेक्षा रहेगी। उत्तराखंड से प्रवक्ताओं और मीडिया प्रभारी, सहप्रभारियों की टीम दिल्ली रवाना हो गई है।
बीजेपी अक्सर इस तरह के आयोजन करती रहती है, लेकिन मोदी सरकार का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले इस कार्यशाला को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रवक्ताओं को बीजेपी के नेताओं से अहम गुर मिल सकते हैं। उत्तराखंड के लिहाज से इस कार्यशाला की अहमियत इसलिए भी है, क्योंकि बीजेपी ने राष्ट्रीय मीडिया टीम का हेड उत्तराखंड के अनिल बलूनी को हाल ही में बनाया है।
बलूनी के अनुसार-मोदी सरकार ने तीन साल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में मीडिया की भूमिका लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा नई जिम्मेदारी संभालने के बाद देशभर के प्रवक्ताओं के साथ मुलाकात का भी ये एक मौका होगा। इधर, उत्तराखंड बीजेपी के सह मीडिया प्रभारी बलजीत सिंह सोनी ने बताया है कि उत्तराखंड के सभी प्रवक्ता और मीडिया और सह प्रभारी इस कार्यशाला में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं।