जेएनयू में कथित देशद्रोही गतिविधियों के खिलाफ जुलूस प्रदर्शनों में कई भाजपाई मर्यादा भूल जा रहे हैं। पूरा विरोध प्रदर्शन फोटो खिंचाने के लिए नजर आ रहा है।
शनिवार को अंबेडकर नगर मंडल के प्रदर्शन के दौरान इस तरह की हरकत की गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने फोटो खिंचाने के लिए पार्टी की महिलाओं के साथ धक्कामुक्की की। बताया जा रहा कि धक्कामुक्की में कुछ महिलाएं चोटिल हो गईं।
प्रदर्शनों में हुड़दंग और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए महानगर अध्यक्ष ने तीन सदस्यी अनुशासन समिति गठित करने की घोषणा की है। हुड़दंग मचाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। बता दें कि शुक्रवार को भी डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ आंदोलनकारी सुशीला बलूनी समेत अन्य महिलाओं के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने धक्कामुक्की की थी।
जेएनयू प्रकरण में कथित देशद्रोही गतिविधियों और उन्हें समर्थन देने के आरोप में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कार्यक्रम भाजपा ने मंडल स्तर पर तय किया था। अंबेडकर नगर मंडल ने क्वालिटी चौक में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। इस दौरान फोटो खिंचवाने के लिए कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की से अराजकता की स्थिति बन गई।
फोटो खिंचाने की होड़ में कुछ महिलाएं जमीन पर गिरकर चोटिल हो गईं। जिससे हंगामा हो गया। महिलाओं ने महानगर अध्यक्ष से इसकी शिकायत की है। प्रदर्शनकारियों में मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता, भगवत प्रसाद मकवाना, अमर सिंह स्वेडिया, सचिन गैरोला, राजीव पासी, रईस अंसारी, सचिन गुप्ता, अमित राणा आदि शामिल थे।
यहां भी किया गया पुतला दहन
धर्मपुर नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने निरंजनपुर सब्जी मंडी चौक पर राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, महामंत्री राजेंद्र सिंह ढिल्लो, मंडल अध्यक्ष अनंत सागर, महेश पांडे, प्रकाश सुमन ध्यानी, सतीश कश्यप आदि शामिल रहे।
धर्मपुर ग्रामीण मंडल ने ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर मंडल अध्यक्ष राजेश कांबोज के नेतृत्व में पुतला दहन किया। वीरचंद्र सिंह गढ़वाली नगर मंडल ने मंडल अध्यक्ष सतेंद्र नेगी के नेतृत्व में विधानसभा चौक, जीएमएस नगर मंडल कैंट ने मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा के नेतृत्व में बिंदाल चौक और श्रीदेव सुमननगर मंडल ने मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल के नेतृत्व में दिलाराम चौक पर पुतला दहन किया।
अंबेडकर नगर मंडल के पुतला दहन कार्यक्रम में धक्कामुक्की का मामला संज्ञान में है। कुछ महिला कार्यकत्रियों द्वारा शिकायत की गई है। ऐसे लोगों पर नजर रखने और कार्रवाई के लिए अनुशासन समिति बनाई जा रही है।
- उमेश अग्रवाल महानगर अध्यक्ष