तहसील क्षेत्र के जस्टा-खबोऊ मोटर मार्ग पर जस्टा गांव के पास एक जीप अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में खबोऊ गांव निवासी प्रीतम सिंह चौहान (36) पुत्र रतन सिंह चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। प्रीतम सिंह चौहान पूर्व में भाजपा के क्वांसी मंडल के महामंत्री रहे थे।
राजस्व पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह आठ बजे खबोऊ गांव निवासी प्रीतम सिंह चौहान निजी जीप से अकेले गांव से चकराता की ओर जा रहे थे। गांव से करीब चार किलोमीटर आगे जस्टा गांव के पास जीप अचानक अनियंत्रित हो गई। जीप 100 मीटरी गहरी खाई जा गिरी।
जीप को खाई में गिरते देख आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने घायल को जीप से बाहर निकाला। लेकिन, प्रीतम सिंह चौहान की मौत हो चुकी थी। राजस्व उपनिरीक्षक रतिराम ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रीतम सिंह चौहान के निधन पर उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीताराम गौड़, जिला प्रशासक मधु चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल, जिला पंचायत सदस्य मीरा जोशी, ग्राम प्रशासक सुचिता चौहान ने शोक प्रकट किया।