देहरादून। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा, भाजपा सरकार सिर्फ ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। मदरसा बोर्ड भंग करने का निर्णय जन मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है।
मंगलवार को कैंप कार्यालय में धस्माना ने कहा, प्रदेश की जनता के मुख्य मुद्दे महंगाई, रसोई गैस की किल्लत, महिलाओं पर लगातार बढ़ रही हिंसा व अपराध, अवैध खनन, आबकारी घोटाला, स्मार्ट सिटी घोटाला, नकल व पेपर लीक, बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर भाजपा सरकार जनता को जवाब नहीं दे पा रही है। इसके लिए धार्मिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्ष 2005 में तिवारी सरकार ने प्रदेश के अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय में शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए उत्तराखंड मुस्लिम एजुकेशन मिशन का गठन किया था, जिसके तहत मदरसा बोर्ड भी गठित किया गया। धस्माना ने आरोप लाया कि आरएसएस के दबाव में सरकार ने मुस्लिम विरोधी फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस इसकी कड़ी निंदा करती है।