लोकसभा चुनाव में पांचों सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद भाजपा का अगला लक्ष्य पंचायत चुनाव है। पार्टी नेतृत्व ने भाजपा विस्तारकों और समिति प्रमुखों की रविवार को बैठक बुला पहले जीत के लिए उनकी पीठ थपथपाई। इसके बाद दिए। पार्टी नेतृत्व ने संदेश दिया कि जीत से अति उत्साहित होकर शांत नहीं बैठना है। बल्कि पंचायत चुनाव के लिए अभी से हर गांव तक पहुंचने की रणनीति प्रभाव में लानी है।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अब पंचायत चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अभी लोकसभा चुनाव की हार से उबर नहीं पाया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को राष्ट्रीय सहमहामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव के अनुभव साझा किए। कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्रों में बूथवार नतीजों को लेकर रिपोर्ट ली गई। सबसे पहले विस्तारकों के साथ बैठक हुई, इसके बाद समिति प्रमुखों के साथ पंचायत चुनाव को लेकर खाका खींचा गया। पार्टी नेतृत्व के अनुसार कांग्रेस के मुकाबले भाजपा का प्रदेश में मजबूत संगठनात्मक ढांचा है। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद भी पार्टी ने चुनाव की समीक्षा कर यह संदेश कार्यकर्ताओं को दिया है।
कार्यक्रमों का तैयार हुआ खाका
बैठक में पार्टी ने आगामी कार्यक्रमों का खाका तैयार किया। केंद्र सरकार के गठन के बाद जनहित में लिए फैसलों को जनता के बीच लेकर जाने का जिम्मा विस्तारकों का होगा। शहीदों के आश्रितों को छात्रवृत्ति और किसान सम्मान निधि योजना का दायरा बढ़ाने के फायदों से जनता को अवगत करवाया जाएगा। पंचायत चुनाव के लिहाज से प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के बीच लेकर जाना है। इसके लिए पंचायत स्तर पर नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी।
लोकसभा चुनाव से लेंगे सीख
भाजपा को लोकसभा चुनाव में मतदाताओं के पीएम मोदी में दिखाए गए विश्वास से सीख लेकर पंचायत चुनाव में इस्तेमाल करना है। 61 प्रतिशत मतों में पार्टी की हिस्सेदारी को बनाए रखने के लिए बूथों को और सुदृढ़ किया जाएगा। बैठक में यह बात भी स्पष्ट हुई कि लोकसभा चुनाव से पंचायत चुनाव पूरी तरह अलग होंगे, जिसके लिए पार्टी को और मेहनत करनी होगी।
पीएम मोदी ने जताया विश्वास
केंद्रीय कैबिनेट में सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को मानव संसाधन विकास मंत्री बनाए जाने को पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड के प्रति स्नेह बताया। पार्टी का मानना है कि पीएम को विश्वास है, इसलिए मंत्रियों की पहली सूची में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हरिद्वार सांसद को मिली है। पार्टी ने इसे कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम करार दिया है।
भाजपा की यह परंपरा है कि हर चुनाव के बाद उसकी समीक्षा की जाती है, ताकि और बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। आने वाले दिनों में पंचायत चुनाव आ रहे हैं, इसके लिए अभी से तैयारी जरूरी है। हमारे कई कार्यक्रम अभी से शुरू होंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए गए हैं।
- अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष