निकाय चुनाव निपटने के बाद आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। टिहरी नगर पालिका चुनाव में भाजपा से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रही बेबी असवाल ने आरएसएस से लेकर, मंडल और जिला कार्यकारिणी के कई पदाधिकारियों पर चुनाव हराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संघ के विभाग प्रचारक से लेकर कई अन्य लोगों ने घर-घर जाकर दूसरे प्रत्याशी के लिए वोट मांगे हैं।
पत्रकार वार्ता में पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी बेबी असवाल ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने सभी की राय शुमारी के बाद टिकट दिया है, लेकिन चुनाव में नई टिहरी मंडल, जिला कार्यकारिणी, आरएसएस के जिला प्रचारक, डीजीसी, एपीओ समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने चुनाव में सहयोग न कर घर-घर जाकर अन्य प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।
उन्होंने कहा कि संघ के क्षेत्रीय प्रचारक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, सीएम को रिपोर्ट भेजी गई है। कहा कि वह और उनके पति लंबे समय से संघ परिवार से जुडे़ हैं, लेकिन बार के चुनाव में कई बार बातचीत करने के बाद भी टिहरी और चंबा के लिए संघ की समन्वय बैठक नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा के नई टिहरी मंडल और जिला कार्यकारिणी को हार की नैतिक जिम्मेदारी लेकर अपने पदों से इस्तीफे देने चाहिए।