परिवर्तन यात्रा के पहले चरण में उत्तराखंड के पहाड़ नापने के बाद भाजपा के रथ अब मैदान का रूख करने से पहले सियासी अस्त्र-शस्त्रों से लैस हो रहे हैं।
हरिद्वार और देहरादून के मैदानी हिस्सों में प्रचार पर निकलने वाले रथों पर एक बार फिर दिल्ली के दिग्गजों को सवार किया जाएगा। हरिद्वार में गृह मंत्री राजनाथ बड़ा चेहरा रहेंगे जबकि देहरादून का जिम्मा रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के पास रहेगा। इसके साथ पहाड़ में रथ की सवारी कर चुके कई केंद्रीय नेता इस बार मैदान में चुनावी जनसभाओं का हिस्सा बनेंगे। उधर, कुमाऊं के हल्द्वानी में राष्ट्रीय अमित शाह की 7 दिसंबर को रैली के साथ यात्रा का समापन हो जाएगा।
गढ़वाल मंडल में भाजपा की परिवर्तन रैली का पहला चरण 2 दिसंबर को पूरा होगा। इसके बाद दस दिन भाजपा हरिद्वार और देहरादून की मैदानी सीटों पर ताकत झोंकेगी। 13 नवंबर से अब तक गढ़वाल की सभी पर्वतीय विधानसभा सीटों पर पार्टी अपने पहले चरण का प्रचार कर चुकी है। पहाड़ पर भाजपा ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु के माध्यम से गैरसैंण के मुद्दे को हवा दी। इसके अलावा चार धाम और पुननिर्माण को भी मुद्दा बनाया।
उमा भारती ने गंगा यमुना का बात रखने के साथ सीएम हरीश रावत को जमकर घेरा। केंद्रीय नेताओं की पूरी टीम इस दौरान पहाड़ के सरोकार से भाजपा को जोड़ हरीश रावत पर निशान साधा। अब भाजपा दूसरे चरण में और आक्रामक होने की तैयारी में है। हरिद्वार और दून में खनन के मुद्दे पर सरकार को घेरा जाएगा। किसानों को लेकर भी भाजपा कोई बड़ी घोषणा कर सकती है। 10 दिसंबर को भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में गृह मंत्री राजनाथ का कार्यक्रम तय हो चुका है।
12 दिसंबर को रक्षा मंत्री मनोहर परिकर दून के टपकेश्वर मैदान में जनसभा को संबोधित कर फौजी वोट बैंक को टारगेट करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दे को रखेंगे। किसान को ध्यान में रखकर पार्टी ने पांच दिसंबर को कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह की हरिद्वार, रुड़की और खानपुर में रैलियां रखी है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेंद्र भसीन ने बताया कि 3 और 4 दिसंबर को उमा भारती रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में में जनसभाएं संबोधित करेंगी। 5 दिसंबर को कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह हरिद्वार जनपद में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। 10 को गृह मंत्री राजनाथ की विशाल जनसभा भगवानपुर में होगी। 12 दिसंबर यात्रा समापन पर रक्षा मंत्री दून पहुंच रहे हैं।