भैया दूज हो या रक्षाबंधन हर बार कहा जाता है कि भाई बहन की रक्षा का संकल्प लेता है। लेकिन, हरिद्वार जिले में बहनें ही भाइयों की सुरक्षा से लेकर विकास तक की कमान संभाले हुए हैं।
प्रमुख पदों पर बैठी बहनें चाहती हैं कि उनके भाई कायदे-कानूनों का पालन करें ताकि समाज में शांति स्थापित कर विकास की गति को तेज किया जा सके।
जिले की सुरक्षा की जिम्मेदारी जिस पुलिस महकमे पर है उसकी कप्तान एक युवा महिला आईपीएस अधिकारी स्वीटी अग्रवाल हैं। लोगों की सेहत का ख्याल रखने वाले स्वास्थ्य महकमे की जिम्मेदारी सीएमओ सुषमा अग्रवाल के पास है।
जिले के विकास का खाका भी सीडीओ पद पर बैठी एक महिला अधिकारी रंजना तैयार कर रही हैं। हरिद्वार शहर में मुख्य नगर अधिकारी का दायित्व भी महिला अधिकारी विप्रा त्रिवेदी के पास है।
एचआरडीए में निधि यादव सचिव हैं तो बहादराबाद ब्लॉक में अनिता पंवार बीडीओ के पद पर तैनात हैं।
क्या कहती हैं ये बहनें?
जिले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर हैं, लेकिन भाईयों की भी जिम्मेदारी बनती है कि महिलाओं को सम्मान दें। बहनों के साथ होने वाले किसी भी अपराध का विरोध करें। मैं पुलिस कप्तान के नाते जिले के सभी भाईयों को सुरक्षा का भरोसा दिलाती हूं, लेकिन इसके साथ ही भाई भी वादा करें कि पुलिस को हर तरह से सहयोग करेंगे।
- स्वीटी अग्रवाल, एसएसपी हरिद्वार।
भैयादूज भाई और बहन दोनों का त्योहार है। हरिद्वार जिले में जिम्मेदार पदों पर बहनें बैठी हैं तो भाइयों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। जिले के बहन-भाइयों के विकास के लिए हम हर दम तैयार हैं। भैयादूज पर सभी भाई-बहन जिले के विकास का संकल्प लें। यही भैयादूज की सार्थकता होगी।
- रंजना, मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार।
शहर के सभी भाई भैयादूज पर एक वादा करें कि सारे नियम-कानूनों का पालन करेंगे। शहर के हित के लिए चलाए जा रहे अभियानों में नगर निगम का साथ देंगे। भैया दूज पर यही तोहफा भाइयों से चाहती हूं। आज के दिन सभी भाई-बहन शहर को साफ-सुधरा रखने का संकल्प लें।
- विप्रा त्रिवेदी, मुख्य नगर अधिकारी हरिद्वार।