प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट विस्तार में भले ही कंजूसी बरत रहे हों लेकिन सांसद भगत सिंह कोश्यारी अपनी कैबिनेट (सांसद प्रतिनिधि) में हर हफ्ते एक नया कार्यकर्ता जोड़ रहे हैं।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र में कोश्यारी ने दिल खोलकर सांसद प्रतिनिधि बना रहे हैं। संसदीय क्षेत्र में अब तक 60 से अधिक सांसद प्रतिनिधि नामित हो चुके हैं।
भगत दा इतने सांसद प्रतिनिधि मनोनीत कर हो चुके हैं कि उनके नाम एवं पते पार्टी के नेता तक भूल गए हैं। थोक के भाव सांसद प्रतिनिधि मनोनीत होने से जनता की समस्याएं भले ही सांसद महोदय तक नहीं पहुंच पा रही हों, लेकिन प्रतिनिधि महोदय कमीज के कॉलर खड़े कर सरकारी दफ्तरों में जाकर रौब जरूर गांठ लेते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय सीट से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कांग्रेस के किले को ढहाया है। कोश्यारी की टिकट की दावेदारी को लेकर पार्टी में काफी घमासान मचा था। भगत दा की वरिष्ठता को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने असंतुष्टों को दरकिनार कर टिकट दिया। वह उम्मीदों पर खरा उतरे और रिकार्ड वोटों से जीते।