चकराता तहसील अंतर्गत लोहारी गांव स्थित डाकघर में फर्जीवाड़ा कर नौकरी हासिल करने का मामला प्रकाश में आया है।
फर्जी दस्तावेज के बल पर हासिल की नौकरी
इतना ही नहीं फर्जी दस्तावेज के बल पर एक व्यक्ति ने महज 14 साल की उम्र में ही नौकरी हासिल कर ली। मामले का खुलासा सूचना के अधिकार से हुआ। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम के साथ ही पोस्ट मास्टर जनरल से की है।
शिकायती पत्र में कहा कि वर्ष 1991 में लोहारी डाकघर में बतौर पोस्टमैन गांव के ही कुंदन सिंह पुत्र जगत सिंह की तैनाती हुई। बतौर पोस्टमैन ज्वाइनिंग देते वक्त कुंदन की सरकारी अभिलेखों के अनुसार आयु 14 साल बैठती है।
कुंदन ने प्राथमिक पाठशाला लोहारी से पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। स्कूल में उसकी जन्मतिथि 20 मई 1977 दर्ज है। मात्र 14 साल की आयु में 1991 में कुंदन ने पोस्टमैन के पद पर ज्वाइन किया।
पेंशनधारकों के हकों पर भी डाका
जिससे साफ है कि कुंदन सिंह ने फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों का उपयोग कर नौकरी हासिल की है। आरोप लगाया कि पोस्टमैन कुंदन पेंशनधारकों के हकों पर भी डाका डाल रहा है।
आरोप लगाया कि वह विकलांग, विधवा और वृद्धा पेंशन का गबन किया जा रहा है। मृतकों तक की पेंशन खुद ले रहा है। एसडीएम अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि मामले की जांच कर संबंधित विभाग को भेजी जाएगी।
शिकायत करने वालों में श्याम सिंह राणा, रमेश सिंह चौहान, धूम सिंह चौहान शामिल रहे।