देहरादून। अगर आप कलेक्ट्रेट, विकास भवन, एमडीडीए के अलावा किसी भी सरकारी कार्यालय जा रहे हैं, तो सतर्क रहें। दरअसल कई सरकारी विभागों में अधिकारी-कर्मचारी सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित होने के बावजूद ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा हो सकता है। हालांकि संक्रमण की चपेट में आए कई विभागों के कर्मचारियों को घरों में आइसोलेट किया गया है।
बता दें, सरकार, शासन की ओर से सरकारी कार्यालयों में 50 फ़ीसदी मानव संसाधन के बल पर कार्यालयों को खोले रहने के आदेश जारी किए गए हैं। फिलवक्त सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित कुछ अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय जा रहे हैं। ऐसे में संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
दूसरी ओर जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को संक्रमित कर्मचारी दफ्तर में न आने की बात सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके संक्रमण के लक्षण दिखने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की आरटीपीसीआर जांच कराने को कहा है।