जिला स्तरीय महिला ओपन और बालक अंडर-19 बास्केटबाल प्रतियोगिता के पहले दिन स्टेडियम ट्रेनीज का दबदबा रहा। ट्रेनीज ने महिला ओपन वर्ग में दो मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
परेड ग्राउंड स्थित बास्केटबाल कोर्ट में मंगलवार को पहले मैच में स्टेडियम ट्रेनीज-ए का सामना सेंट एग्नेस इंटर कालेज से हुआ। इसमें स्टेडियम ट्रेनीज-ए ने 26-10 से जीत हासिल की। स्टेडियम की शिवानी ने 10 और अंजलि ने 8 अंक बनाए। दूसरे मैच में स्टेडियम ट्रेनीज-बी ने एमकेपी पीजी कालेज को 20-18 से शिकस्त दी।
स्टेडियम की ज्योति ने 12 अंक जुटाए। तीसरे मैच में सेंट एग्नेस ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को 19-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। सेंट एग्नेस की दीपिका ने 10 अंक जुटाए। चौथे मैच में सरदार भगवान सिंह पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट ने एमकेपी पीजी कालेज को 23-20 से हराया। मैच में सरदार भगवान सिंह पैरामेडिकल की नैनिका ने 16 अंक बनाए।
अंडर-19 बालक वर्ग के पहले मैच में केवि बीरपुर ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को 28-9 से एकतरफा शिकस्त दी। केवि बीरपुर के गौतम ने 16 और आशीष ने 9 अंक हासिल किए। दूसरे मैच में केवि वारियर्स ने एसजीआरआर बिंदाल को 39-2 से हराया। केवि वारियर्स के वेदप्रकाश ने 14 अंक जुटाए।