उत्तराखंड में कनालीछीना तहसील के अंतर्गत पीपली क्षेत्र के एक छोटे से गांव स्यूबन निवासी मदन सिंह भंडारी अफगानिस्तान के कंधार में काउंसलर जनरल (महान्यायवादी) बन गए हैं। उन्होंने 26 जुलाई को कंधार के गवर्नर हुमायूं अजीज के समक्ष पदभार ग्रहण किया।
मदन भंडारी ने 1985 में दिल्ली में विदेश मंत्रालय में स्टेनो पद से सेवा शुरू की। उसके बाद वह अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ते गए। वह पिछले वर्ष तक नेपाल दूतावास में प्रथम श्रेणी सचिव के पद पर तैनात रहे। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका, नार्वे और कनाडा में भारतीय दूतावासों में भी बड़े पदों पर सेवाएं दीं हैं।
मदन सिंह भंडारी के पिता प्रताप सिंह भंडारी दिल्ली पुलिस में निरीक्षक थे। मदन की पढ़ाई दिल्ली में ही हुई। स्नातक की परीक्षा पास करने के बाद उनको विदेश मंत्रालय में नौकरी मिल गई। 57 वर्षीय मदन के काउंसलर जनरल बनने की सूचना स्यूबन गांव तक पहुंच गई है।