उत्तराखंड के हल्द्वानी में कुसुमखेड़ा की 24 वर्षीय पर्वतारोही पूजा पलड़िया शर्मा समुद्र तल से 5670 मीटर की ऊंचाई पर स्थित उत्तरकाशी के द्रोपदी का डांडा 2 (डीकेडी 2) को पार कर चुकी हैं। अपने अगले आरोहण के लिए वह बुधवार रात हिमाचल रवाना हो चुकी हैं। वह अब इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन (आईएमएफ) की ओर से कुल्लू के 6400 मीटर ऊंचे पापसुरा पर्वत का आरोहण करेंगी।
पूजा के अनुसार उनके पर्वतारोहण का सफर नैनीताल से शुरू हुआ। वहां उन्होंने 10 दिन का रेस्क्यू कोर्स किया। इसके बाद नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) उत्तरकाशी से एक-एक माह का बेसिक और एडवांस कोर्स किया। उन्होंने 2017 में 16 हजार फुट ऊंचे चमोली के रूपकुंड पर्वत पर भी फतह पाई। भविष्य में माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने के लिए वह जीतोड़ मेहनत कर रही हैं।
अगले अभियान में मदद के लिए उन्होंने विधायक नवीन दुम्का को पत्र लिखा है। पूजा ने पीएसएमएस इंटर कॉलेज गौलापार से 12वीं की पढ़ाई कर एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से एमए योग से किया है। वह लोगों को योग भी सिखाती हैं। पूजा की मां गीता पलड़िया बसंतपुर गौलापार की ग्राम प्रधान और पिता जीवन चंद्र व्यवसायी हैं। पूजा ने बताया कि उनके पति नवीन चंद्र शर्मा और ससुर दयाकृष्ण शर्मा भी उनकी मदद करते हैं।