नेपाल में एक वर्ष पूर्व कृषि विकास बैंक से पांच करोड़ रुपये हैक करने के मामले में पुलिस ने बनबसा के एक कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है। हैकरों ने बनबसा के इस व्यापारी का नाम भी मामले में लिया था। कुछ अन्य भारतीयों पर भी नेपाल पुलिस की नजर है।
नेपाल कस्टम में ट्रांसपोर्ट के जरिये सामान भिजवाने नेपाल कस्टम पहुंचे बनबसा के इस कारोबारी को महेंद्रनगर स्थित जिला प्रहरी कार्यालय पुलिस ने चार दिन पहले पकड़ा था। पिछले वर्ष नेपाल के कृषि विकास बैंक से नागरिकों के करीब पांच करोड़ रुपये (4 करोड़ 88 लाख 46 हजार नेपाली रुपये) हैकरों ने कर लिए थे। यह रकम नेपाल के कई लोगों के खातों से निकाली गई थी। नेपाल के एक कारोबारी यज्ञराज भट्ट के खाते में 45 लाख रुपये ट्रांसफर किए जाने से मामला उजागर हुआ।
यज्ञराज भट्ट इस समय नेपाल जेल में है। उसीने नेपाल न्यायालय में बनबसा के कुछ अन्य कारोबारियों के इस मामले में नाम उजागर किए हैं। नेपाल पुलिस के एसपी सोमेंद्र सिंह राठौर के अनुसार पकड़े गए बनबसा के कारोबारी के अलावा, बनबसा के दो अन्य कारोबारियों पर भी नेपाल पुलिस की नजर है। ये दोनों भी पकड़े गए कारोबारी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। नेपाल में अभी इस मामले में 18 आरोपी पकड़े गए हैं, जबकि 20 अन्य फरार हैं।