मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने उच्च और तकनीकी शिक्षा को प्रदेश में ऊंचाई पर पहुंचाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में उच्च शिक्षा का उतना विकास नहीं हुआ जितना करीब पौने दो साल के कांग्रेस शासन काल में हुआ।
दावा किया कि सरकार उच्च व रोजगारपरक शिक्षा के लिए बेहतर कार्य कर रही है। इस मौके पर उन्होंने डिग्री कालेजों की छात्राओं के लिए बसें चलाने और कालेजों में तकनीकी के लिए विशेष कक्षा बनाने की घोषणा भी की।
बृहस्पतिवार को उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने शिक्षा क्षेत्र में अपनी सरकार की तुलना पूर्ववर्ती भाजपा सरकार से करते हुए खुद को बेहतर बताया।
आंकड़ों के साथ की तुलना
उन्होंने बताया कि उनके करीब पौने दो साल के कार्यकाल में चार इंजीनियरिंग कालेज, 25 पॉलिटेक्नीक 15 आईटीआई और 10 डिग्री कालेज खोले गए। जबकि भाजपा के पांच साल के कार्यकाल में सिर्फ दो इंजीनियरिंग कालेज, 12 पॉलिटेक्नीक, 15 आईटीआई और पांच डिग्री कालेज खोले गए थे।
उन्होंने बताया कि देहरादून के रायपुर में पांच हजार छात्र-छात्राओं को शिक्षा देने के लिए जल्द ही डिग्री कालेज काम करना शुरू किया जाएगा। डीएवी में अधिक छात्र संख्या को देखते हुए ऐसा किया गया है।
किए लोकलुभावन वादे
उन्होंने बताया कि ऐसे राजकीय डिग्री कालेज चिह्नित किए जा रहे हैं, जहां छात्राओं की संख्या अधिक है। ऐसे कालेजों को बसें उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि छात्राओं को आने जाने में दिक्कत न हो।
डिग्री कालेजों में तकनीकी सिस्टम को मजबूती देने के लिए एक विशेष कक्ष को मंजूरी दी जाएगी जहां कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा सके।
सेवानिवृत्त शिक्षक को फिर मौका
उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग में खाली पदों को भरने के लिए सरकार सेवानिवृत्त शिक्षकों को फिर मौका देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल सेवानिवृत्त शिक्षक रखने के निर्देश दिए हैं। उन्हें मिल रही पेंशन काटकर सेलरी दी जाएगी। सेवानिवृत्त शिक्षकों को कम से कम एक साल के लिए रखा जाएगा।