बदरीनाथ नहीं जा पाए एसपी व आला-अधिकारी
बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण करने पहुंची मुख्य सचिव राधा रतूड़ी के कार्यक्रम को देखते हुए जिले के आला-अधिकारी बदरीनाथ धाम जा रहे थे, लेकिन हनुमान चट्टी से आगे हाईवे अवरुद्ध होने से उन्हें वापस लौटना पड़ा है। पुलिस अधीक्षक के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी बदरीनाथ धाम नहीं जा पाए। जोशीमठ एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ और नगर पंचायत के ईओ सुनील पुरोहित बुधवार को ही धाम पहुंच गए थे, जबकि हनुमान चट्टी से पुलिस टीम बोल्डरों के ऊपर सेे ही धाम में पहुंची।
दिनभर हाईवे के खुलने का इंतजार करते रहे सेना के जवान
हनुमान चट्टी में हाईवे बंद होने से सेना और आईटीबीपी के जवान चीन सीमा पर स्थित अग्रिम चौकी तक भी नहीं पहुंच पाए। जवान बृहस्पतिवार को दिनभर हाईवे के खुलने का इंतजार करते रहे। कई स्थानीय लोग और व्यापारी भी बदरीनाथ धाम जा रहे थे, लेकिन वे भी हनुमान चट्टी में ही रुके हुए हैं।
गनीमत रही तीर्थयात्रा के दौरान नहीं टूटी चट्टान
हनुमान चट्टी के पास जिस तरह से चट्टान का हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गया यदि ऐसा चारधाम यात्रा के दौरान होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। यहां शीतकाल में हिमखंड भी आता है, जबकि चट्टान कटिंग के चलते यहां कई बोल्डर चट्टान पर ही अटके हुए थे। गनीमत यह रही कि चट्टान का कमजोर हिस्सा यात्रा से पहले ही टूट गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।