बदरीनाथ यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार (आज) ब्रह्म मुहूर्त में तड़के सवा चार बजे बदरीनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस दौरान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी मौजूद रहेंगे।
कपाट खुलने पर यहां छह माह से जल रही अखंड ज्योति के दर्शनों के लिए देश-विदेश के तीर्थयात्रियों का बदरीनाथ पहुंचने का सिलसिला शुक्रवार दोपहर से ही शुरू हो गया है। शाम पांच बजे तक करीब दस हजार तीर्थयात्री धाम में पहुंच चुके हैं।
पांडुकेश्वर के योग ध्यान मंदिर से बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) ईश्वरी नंबूदरी और धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल की अगुवाई में भगवान उद्धव व कुबेर जी की डोली, आदि गुरू शंकराचार्य की गद्दी व तेल कलश यात्रा (गाडू घड़ी) शुक्रवार दोपहर बाद बदरीनाथ धाम पहुंच गई है।
बदरीनाथ के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह, मंदिर अधिकारी भूपेंद्र मैठाणी, जिलाधिकारी चमोली विनोद कुमार सुमन, पुलिस अधीक्षक तृप्ती भट्ट के साथ ही धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने रावल, शंकराचार्य गद्दीस्थल और गाडू घड़ी का फूल-मालाओं और बदरी विशाल के जयकारों के साथ स्वागत किया।
बदरीनाथ के साथ ही धाम में स्थित प्राचीन मठ-मंदिरों को भी आर्किड और गेंदे के फूलों से सजाया गया है। धाम में अलकनंदा पर निर्मित पैदल पुल पर भी रंग-रोगन का कार्य पूर्ण हो गया है। बदरीनाथ में आर्मी हेलीपैड से मंदिर परिसर तक साफ-सफाई काम भी पूरा हो गया है।
यात्रा मार्ग और पड़ावों पर चहल-पहल शुरू हो गई है। देश के अंतिम गांव माणा में देश की अंतिम चाय की दुकान भी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए खुल गई है। माणा गांव के चौराहे पर पूर्व की भांति स्थानीय भोटिया जनजाति के ग्रामीणों की ओर से ऊनी वस्त्रों की दुकानें सजाई गई हैं।