शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का स्वास्थ्य बिगड़ता देख शनिवार को उन्हें एम्स अस्पताल ऋषिकेश भेज दिया गया।
पूर्णागिरि मंदिर में पूजा को लेकर आमरण अनशन कर रहे अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के स्वास्थ्य में गिरावट आ गई थी। इसे देखते हुए शुक्रवार को प्रशासन ने देर शाम उन्हें सीएचसी जोशीमठ में भर्ती करा दिया था।
सीएचसी जोशीमठ में उनका उपचार किया जा रहा था। यहां उनके स्वास्थ्य में आ रही गिरावट को देखते हुए प्रशासन ने रात को ही करीब नौ बजे उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर भेज दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया है।
मारपीट का मुकदमा कराया दर्ज
पूर्णागिरि मंदिर में शुक्रवार को संत अविमुक्तेश्वरानंद और पीठ पुरोहित ऋषि प्रसाद सती के बीच हुए विवाद के मामले मेें ऋषि प्रसाद सती ने थाना जोशीमठ में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही मंदिर में पूजा के दौरान सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग भी उठाई। जोशीमठ थाने के थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।