अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रश्न पत्रों में त्रुटियों के कारण सहायक लेखाकार की भर्ती परीक्षा निरस्त कर दी है। पिछले साल सितंबर में 48 विभागों में सहायक लेखाकार के 600 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रश्न पत्रों में हिंदी अनुवाद गूगल ट्रांसलेट से किया गया। जिससे हिंदी माध्यम से परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को समझने में परेशानी हुई है।
चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि 5 फरवरी 2021 को सहायक लेखाकार के लगभग 600 पदों के लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी। 12 से 14 सितंबर को छह पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। आवेदन करने वाले कुल 15 हजार अभ्यर्थियों में से नौ हजार ने परीक्षा दी। प्रश्न पत्रों में हिंदी अनुवाद में त्रुटियां पाई गईं। साथ ही प्रश्न पत्र कठिन भी था।
पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछे गए थे। इस पर कई अभ्यर्थियों ने विरोध कर परीक्षा निरस्त करने की मांग उठाई थी। आयोग ने विषय विशेषज्ञों से परामर्श किया। जिसमें विशेषज्ञों ने माना कि हिंदी अनुवाद गूगल ट्रांसलेट से किया गया। प्रश्न पत्र कठिन होने के साथ विश्लेषात्मक प्रश्नों की संख्या अधिक थी।