देवभूमि मॉडल स्कूल में मेधावी बच्चों को सम्मानित करते विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल।
- फोटो : RISHIKESH
देवभूमि मॉडल स्कूल की ओर से विद्यालय का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने छात्रों का पुरस्कृत किया।
शुक्रवार को गुमानीवाला स्थित स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को विधानसभा विवेकाधीन कोष से दो-दो हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय को विधायक निधि से दो कंप्यूटर देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश के विद्यालयों में छात्र अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुमानीवाला में अनेक विकास के कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
इस क्षेत्र में तीन करोड़ रुपये की लागत से मोटर मार्गों के निर्माण, विद्युत विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक दीपक बिष्ट, गोपाल सिंह, पार्षद विपिन पंत, प्रधानाचार्य रितु कोठियाल, कुसुमलता शर्मा, कमला प्रसाद भट्ट, कमल कैंतूरा, जगत सिंह नेगी, कलम सिंह कैंतूरा, प्रमोद उनियाल आदि उपस्थित रहे।