फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गैरसैंण की पैरवी में खुलकर सामने आएगी कांग्रेस

Sun, 09 Aug 2015 10:04 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
गैरसैंण को लेकर उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन मुखर होने की तैयारी में है। सितंबर में प्रस्तावित विधानसभा सत्र से ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने गैरसैंण में प्रदेश कांग्रेस का अधिवेशन आयोजित करने का फैसला किया है।
विज्ञापन


पीसीसी इस सम्मेलन में राजनीतिक प्रस्ताव के तहत गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की पैरवी कर सकती है। गैरसैंण में विधानसभा सत्र 21 सितंबर से प्रस्तावित है।

ऐसे में पीसीसी का सम्मेलन गैरसैंण में सितंबर माह के पहले पखवाड़े में संभव है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय पहले ही गैरसैंण को पूर्ण राजधानी का दर्जा देने की पैरवी कर चुके हैं। किशोर के मुताबिक गैरसैंण में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन के पीछे धारणा यही है कि पार्टी भी गैरसैंण के महत्व को लेकर संजीदा हो।
विज्ञापन


सूत्रों के मुताबिक सम्मेलन में पार्टी की ओर से गैरसैंण को पूर्ण राजधानी घोषित करने का राजनीतिक प्रस्ताव भी लाया जा सकता है। हालांकि, मुख्यमंत्री हरीश रावत गैरसैंण के मुद्दे पर फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं।

फिलहाल सरकार यह संकेत देने की कोशिश भी कर रही है कि गैरसैंण को पूर्ण राजधानी का दर्जा देने की उसकी मंशा है। पर सीधे तौर पर ऐलान से इसलिए बचा जा रहा है कि कहीं मैदानी क्षेत्रों में इसका उलटा परिणाम न भुगतना पड़े।

इस स्थिति के बीच कांग्रेस संगठन का खुलकर गैरसैंण के पक्ष में आना सरकार की बच-बच कर चलने वाली रणनीति को ध्वस्त कर सकता है। कांग्रेस का एक पक्ष यह भी मान रहा है कि  देर सवेर जब यह होना ही है तो क्यों न चुनाव से पहले ही कांग्रेस इसका श्रेय हासिल कर ले।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें