श्रीलंका में शुरू होने जा रही अंडर-19 एशिया क्रिकेट कप प्रतियोगिता में उत्तराखंड के शाश्वत रावत भी अपनी खेल प्रतिभा का दम दिखाएंगे। घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्लेबाजी से सबको प्रभावित करने वाले शाश्वत का अंडर-19 एशिया कप के लिए चयन हो गया है। शाश्वत रावत वर्तमान में इंग्लैंड में इंग्लैंड, बांग्लादेश व भारत की त्रिकोणीय सीरीज खेल रहे हैं।
शाश्वत के कोच रहे एवं स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर के क्रिकेट कोच पवन लाल ने बताया कि उम्दा प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने शाश्वत को श्रीलंका में होने वाली अंडर-19 एशिया कप प्रतियोगिता लिए टीम में शामिल किया है। शाश्वत यहां महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में भी कोचिंग ले चुके हैं। इसके बाद वह बड़ौदा की टीम में अंडर-19 घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। वह घरेलू मैचों के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट खेल रहे हैं।
हाल ही में वह इंग्लैंड में चल रही त्रिकोणीय सीरीज खेलने गई टीम में शामिल हैं। एशिया कप श्रीलंका में तीन सितंबर से 15 सितंबर तक खेला जाएगा। शाश्वत मूलत: अल्मोड़ा के रहने वाले हैं और वर्तमान में हरिद्वार में रहते हैं। उनके पिता गोपाल सिंह रावत ने बेटे के चयन पर खुशी जाहिर की।
ये हैं उपलब्धियां
- वर्ष 2018 में शाश्वत ने लखनऊ में हुई अंडर-19 चैलेंजस ट्रॉफी खेली।
- जनवरी-2019 में हुई क्वार्डनेट्रल सीरीज में शाश्वत सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुने गए थे। इसमें इंडिया ए, इंडिया बी, साउथ अफ्रीका, और अफगानिस्तान की टीम ने हिस्सा लिया था। सीरीज में शाश्वत इंडिया ए टीम में खेले थे।