आसाराम ने हरिपुर कलां में 614 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। हरिद्वार विकास प्राधिकरण (हविप्रा) और राजस्व प्रशासन ऋषिकेश की संयुक्त जांच पड़ताल में इसका खुलासा हुआ है।
हविप्रा के वीसी डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने अवैध निर्माण के सिलसिले में आसाराम के हरिपुर कलां स्थित आश्रम और बहुमंजिले फ्लैट्स का निरीक्षण पिछले महीने के मध्य में किया था।
रजिस्ट्री से अधिक जमीन पर कब्जा
उसी दौरान उन्हें बताया गया था कि आसाराम ने रजिस्ट्री से अधिक जमीन पर कब्जा कर रखा है। इस पर वीसी ने हविप्रा और राजस्व प्रशासन से आसाराम के कब्जे की भूमि की पैमाइश कराने का आदेश दिया था।
उप जिलाधिकारी ऋषिकेश की ओर से बुधवार को आसाराम द्वारा कब्जाई भूमि की पैमाइश कराई। साथ ही रिपोर्ट वीसी को भी सौंप दी है। जांच रिपोर्ट देने पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल वीके गुप्ता ने बताया कि वीसी को रिपोर्ट दे दी है।
तहसील के राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि की पैमाइश और मिलान करने पर आसाराम के कब्जे में 614 वर्ग मीटर भूमि अधिक पाई गई है।