रिपोर्ट के अनुसार सर्वे वाले दिन विद्यालयों में 18 फीसदी छात्र अनुपस्थित मिले। वहीं, इसी दिन करीब 14 फीसदी शिक्षक भी स्कूलों में नहीं मिले। पिछले आठ सालों में इस आंकड़े में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है।
90 फीसदी स्कूलों में कंप्यूटर नहीं
रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 90 फीसदी स्कूलों में बच्चों के उपयोग के लिए कंप्यूटर उपलब्ध नहीं है। वहीं, 9 फीसदी स्कूलों में कंप्यूटर मौजूद तो थे, लेकिन सर्वे के दिन बच्चे उनका उपयोग नहीं कर रहे थे। एक फीसदी से भी कम बच्चे कंप्यूटरों का इस्तेमाल करते हुए मिले।
कई जगह नहीं बना मध्याह्न भोजन
रिपोर्ट के अनुसार सर्वे वाले दिन करीब 12 फीसदी स्कूलों में मध्याह्न भोजन नहीं बना। वहीं, 13 फीसदी स्कूलों में पीने का पानी, करीब दो फीसदी स्कूलों में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। 12 फीसदी स्कूलों में शौचालय है, लेकिन उनका उपयोग नहीं हो रहा था। करीब 23 फीसदी स्कूलों में महिला शौचालय का इस्तेमाल नहीं हो रहा था।
लाइब्रेरी में नहीं मिले बच्चे
करीब 15 फीसदी स्कूलो में लाइब्रेरी नहीं थी। वहीं, करीब 58 फीसदी स्कूलों में लाइब्रेरी तो थी, लेकिन बच्चे उसका उपयोग नहीं कर रहे थे। केवल 26 फीसदी स्कूलों की लाइब्रेरी में ही बच्चे मिले। करीब 26 फीसदी स्कूलों में बिजली कनेक्शन तो हैं, लेकिन वहां सर्वे वाले दिन बिजली नहीं थी।