फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: बारिश रूठी तो सूखने लगी जौनसार की मटर, 70 फीसदी फसल चौपट

Sat, 28 Nov 2026 06:33 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
- बुआई के लिए खेतों में नहीं बची नमी, लहसुन और गेहूं की फसल पर भी मंडराया संकट
विज्ञापन

- पाला पड़ने से बढ़ी किसानों की चिंता, लागत निकालना भी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। जौनसार-बावर क्षेत्र में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण किसानों के सामने रबी की फसलों को बचाने का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र की प्रमुख नकदी फसल मटर सूखे की भेंट चढ़ रही है। किसानों के मुताबिक, अब तक करीब 70 प्रतिशत मटर की फसल सूख चुकी है। वहीं, खेतों में नमी खत्म होने से गेहूं, जौ, मसूर और लहसुन की बुआई भी प्रभावित हो रही है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रहे पाले ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
क्षेत्र में अधिकतर खेती आसमानी बारिश पर निर्भर है। इसी के सहारे किसान परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य के सपने पूरे करते हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से मौसम की बेरुखी किसानों पर भारी पड़ रही है। समय पर बारिश नहीं होने और सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं होने से खेती लगातार प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन

इन दिनों क्षेत्र में गेहूं, जौ, मसूर और मटर की बुआई का समय है। कई किसानों ने बुआई कर दी है, लेकिन बारिश नहीं होने से फसलें सूखने लगी हैं। जिन किसानों ने अभी तक बुआई नहीं की है, उनके खेतों में नमी नहीं होने से जुताई तक नहीं हो पा रही है। खेतों की मिट्टी सख्त हो चुकी है। किसानों का कहना है कि मटर की करीब 70 प्रतिशत फसल सूखे की चपेट में आकर बर्बाद हो चुकी है। ऐसे में बीज और खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।
विज्ञापन

स्थानीय किसान प्रेम सिंह चौहान, जयपाल सिंह चौहान, गुलाब सिंह, सूरत सिंह चौहान, चतर सिंह बिष्ट और मोहन सिंह बिष्ट का कहना है कि इस समय बारिश बेहद जरूरी है। बारिश नहीं हुई तो दूसरी फसलों पर भी संकट गहरा जाएगा। कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी कालसी रामनरेश गुलेरिया ने बताया कि अधिकतर खेती बारिश पर निर्भर है। समय पर बारिश नहीं होने से बुआई प्रभावित होती है। इस समय रबी की फसलों के लिए बारिश जरूरी है। मटर और लहसुन की फसल के लिए पर्याप्त नमी होना बेहद आवश्यक है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें