- एफआईआर और आरोपपत्र बने आधार, एक माह में राशि जमा करने के आदेश
टैग..अदालत से
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के अपर जिला न्यायाधीश नंदन सिंह ने सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के सोरना निवासी ट्रक चालक पदम सिंह की लापरवाही से हुए हादसे में घायल ढकरानी निवासी मोहम्मद आबिद को 2,79,767 रुपये प्रतिकर देने का आदेश दिया। भुगतान रॉयल सुंदरम इंश्योरेंस कंपनी करेगी।
मामले के अनुसार, 25 मार्च 2022 की रात करीब 11:30 बजे सभावाला के पास माजरी शिमला बाईपास रोड पर आबिद पंक्चर ट्रक का टायर बदल रहे थे। तभी पांवटा साहिब की ओर से आए ट्रक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी। हादसे में आबिद का पैर टूट गया और उन्हें हरबर्टपुर के लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। आबिद ने 10 लाख रुपये का दावा किया था।
ट्रक का बीमा वैध था और चालक के पास लाइसेंस भी था। आय और दिव्यांगता के पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर दावा आंशिक रूप से स्वीकार हुआ। कोर्ट ने इलाज खर्च, दर्द-पीड़ा, यातायात और भविष्य के खर्च को जोड़कर राशि तय की। 11 मई 2022 से सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी मिलेगा। बीमा कंपनी को एक माह में पूरी राशि अधिकरण में जमा करनी होगी।