देहरादून। भारतीय सेना का रिक्रूटमेंट (भर्ती) डिपो गढ़वाल और कुमाऊं के बीच किसी जगह पर खोला जाएगा। सीडीएस बिपिन रावत ने विधायक गणेश जोशी से बातचीत के दौरान यह आश्वासन दिया। इसके अलावा लैंसडौन में गढ़वाल टेरिटोरियल आर्मी का सेंटर बनाने पर भी सहमति जताई है।
विधायक गणेश जोशी ने सीडीएस बिपिन रावत से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रदेश में रिक्रूटमेंट डिपो खोलने की मांग की जा रही है। सीडीएस रावत ने कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं के बीच किसी स्थान को चिह्नित कर वहां डिपो खोला जाएगा। जिससे दोनों मंडलों के नवजवानों को भर्ती के समान अवसर मिल सकें। इस पर विधायक जोशी ने कहा कि रामनगर समेत कई स्थान भर्ती डिपो बनाने के लिए उपयुक्त हैं। इसके अलावा उन्होंने गढ़वाल टेरिटोरियल आर्मी का सेंटर लैंसडौन में खोलने की मांग की। इससे स्थानीय लोगों को सेना में भर्ती होने के ज्यादा अवसर मिलेंगे। अभी टेरिटोरियल आर्मी में ज्यादातर दूसरे प्रदेशों के लोगों को भर्ती किया जा रहा है। विधायक जोशी ने दून में गोरखा राइफल्स की भर्ती नियमित तौर पर आयोजित कराने की भी मांग की।