जोशीमठ स्थित सेना की ईएमई (इलेक्ट्रिक मैकेनिकल इंजीनियरिंग) कोर के ऑफिसर्स मेस में आग लगने से वहां रखा सारा सामान जल गया।
गुरुवार को हुई इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। वहीं मामले में सेना के किसी भी अधिकारी ने नुकसान और आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं दी। सूत्रों के अनुसार मेस में शॉर्ट सर्किट होने के चलते आग लगी थी।
जोशीमठ नगर में सेना की ईएमई कोर की ऑफिसर्स मेस में गुरुवार को बार शुरू होने वाला था। इसके लिए मेस में कई जरूरी सुधार किए जा रहे थे। अन्य सभी तैयारियां पूरी थीं, लेकिन गुरुवार सुबह 6 बजकर 40 मिनट पर मेस के धुएं के गुबार उठते दिखे।
यह देख आसपास के जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। इसके बाद सेना ने आनन-फानन में दमकल की टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम और सेना के जवानों ने ढाई घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। सेना के अधिकारियों ने पूरे मामले में मीडिया से दूरी बनाए रखी है। अधिकारियों ने नुकसान और आग लगने के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।