- 3000 रुपये प्रति क्विंटल पर टिकी कीमत, कृषि ऋण चुकाने की सताने लगी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
साहिया। जौनसार बावर क्षेत्र में सबसे अधिक उत्पादित होने वाली अरबी (गागली) की फसल के दाम में भारी गिरावट आने से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। वर्तमान में अच्छी गुणवत्ता वाली अरबी 2500 से 3000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। वहीं, अन्य गुणवत्ता की फसल के दाम इससे भी कम मिल रहे हैं। किसानों का कहना है मौजूदा भाव बीज खरीद की लागत से भी कम है। ऐसे में फसल की लागत निकालना तो दूर, बैंकों से लिए गए कृषि ऋण की अदायगी करना भी मुश्किल नजर आ रहा है।
जौनसार बावर के किसानों के लिए इस बार खेती का सीजन कई मुश्किलें लेकर आया है। पिछले सीजन में अत्यधिक बारिश के कारण अरबी की फसल में काला थोथा जैसी बीमारी लग गई थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, अदरक की फसल भी अज्ञात बीमारी की चपेट में आने से अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुई। ऐसे में किसानों को अरबी की फसल से ही बेहतर आमदनी की उम्मीद थी लेकिन, बाजार में उचित दाम नहीं मिलने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। स्थानीय किसान राजेंद्र सिंह पंवार, मोहर सिंह, प्रेम सिंह, जयपाल सिंह चौहान और जवाहर सिंह का कहना है सितंबर माह में अरबी के दाम काफी कम थे। इस कारण उन्होंने बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में फसल को खेतों में ही रोक लिया था। किसानों को उम्मीद थी कि कुछ समय बाद बाजार में कीमतें बढ़ेंगी और उन्हें फसल का उचित मूल्य मिल सकेगा, लेकिन अब तक दाम में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
उधर मंडी समिति के उपाध्यक्ष मनोज पंवार का कहना है देश की सबसे बड़ी मंडी दिल्ली में जौनसार के अलावा अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी मात्रा में अरबी पहुंच रही है। अधिक आवक के कारण बाजार में अरबी के दाम कम बने हुए हैं। उन्होंने माना कि इस बार क्षेत्र में अरबी की फसल को बीमारी के कारण काफी नुकसान पहुंचा है। उनका कहना है मौजूदा समय में बाजार में भाव कम होने के कारण मंडी में भी अरबी खरीदकर रोकी जा रही है, ताकि आगे दाम में सुधार होने पर किसानों को कुछ राहत मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कीमतों में सुधार हो सकता है।