तहसील क्षेत्र के बुल्हाड इंटर कॉलेज और बेगी गांव के बीच बृहस्पतिवार को खस्ताहाल सड़क पर सेब से लदा एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक राकेश मामूली रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन में लदा बड़ी मात्रा में सेब खराब हो गए। इससे बागवान को काफी नुकसान का अनुमान है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार रतन एप्पल टेरेन बुल्हाड बेली से सेब लेकर एक पिकअप वाहन दिल्ली मंडी के लिए रवाना हुआ था। बेगी गांव से पहले सड़क की जर्जर स्थिति के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर उतर गया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया।
ग्रामीण विजय सिंह रावत ने बताया कि इस मार्ग की बदहाल स्थिति और कई स्थानों पर सुरक्षा दीवार नहीं होने की समस्या से संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य नहीं हुआ। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और हादसे में प्रभावित बागवान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।