देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र के एक और ज्वेलर्स के रकम लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। ज्वेलर्स को एक एक रिटायर्ड फौजी ने बेटी की शादी के जेवरात बनाने को दिए 80 हजार रुपये दिए थे।
प्रेमनगर के अंबीवाला निवासी सेवानिवृत्त फौजी सरोप सिंह चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जुलाई में नेगी ज्वेलर्स के मालिक जय प्रकाश नेगी को अपनी बेटी की शादी के जेवरात बनाने के लिए 80 हजार रुपये एडवांस दिए थे। ज्वेलर्स नेगी उन्हें जल्द जेवरात बनाकर देने का आश्वासन दिया और बाद में कई माह तक टरकाता रहा। सितंबर में नेगी रातों-रात दुकान बंद करके फरार हो गया। काफी प्रयासों के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। एसओ प्रेमनगर धर्मेन्द्र रौतेला ने बताया कि तहरीर के आधार पर नेगी ज्वेलर्स के मालिक के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उधर कमेटी की रकम लेकर बालाजी ज्वेलर्स परिवार और सराफ पंकज शर्मा फरार है। इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित लोग कई बार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। हालांकि काफी प्रयासों के बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।