देहरादून। सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम और अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर असत्य और मानहानिकारक बयान प्रसारित करने के आरोप में उर्मिला सनावर के खिलाफ शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। मामले में उर्मिला सनावर पर वीडियो में आपत्तिजनक बयान देने का आरोप है। पुलिस वीडियो प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के आपत्तिजनक और मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं।
शिकायत में कहा गया है कि इस तरह के बयान प्रसारित होने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की आशंका जताई गई है। पुलिस वीडियो की सामग्री, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।