इसके बाद वह गौहरीमाफी ग्रामसभा में आयोजित जनसभा में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पूर्व 30 दिन में विदेशों से कालाधन लाकर प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये जमा करने का वायदा किया था, लेकिन चार साल में विदेशों में जमा कालेधन की एक फूटी कौड़ी भी सरकार नहीं ला पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार आमजन को भूलकर उद्योगपतियों की खिदमत में लगी है, उसे जनता की कोई फिक्र ही नहीं है।
अन्ना ने कहा कि देश में किसानों की आत्महत्या नहीं थम रही है, इसकी वजह सरकार की गलत नीतियां हैं। उन्होंने केंद्र से संसद में लंबित पड़े किसान पेंशन बिल को भी पास करने की मांग की।
सभा में उमड़े जनसमुदाय से दिल्ली पहुंचने और पहुंचने में अक्षम लोगों से अपने गांव, तहसील और जिले में शांतिपूर्वक आंदोलन करने की अपील की। इस मौके पर भ्रष्टाचार विरोधी जनआंदोलन न्यास के संयोजक भोपाल सिंह चौधरी, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी सजवाण, सुनीता उपाध्याय, संजय पोखरियाल, समाजसेवी कुसुम जोशी, ज्योति सजवाण, सुभाष भट्ट, मेहरबान सिंह रावत और महावीर उपाध्याय मौजूद थे।
लोस और विस से ऊंची है ग्रामसभा
ऋषिकेश। गौहरीमाफी में आयोजित सभा में समाजसेवी अन्ना हजारे ने ग्रामीणों को बताया कि लोकसभा और विधानसभा से ऊंचा स्थान ग्रामसभा का है। लोस व विस में बैठने वाले सदस्यों को ग्रामसभा ही चुनकर भेजती है। यदि जनता कुर्सी पर बिठाने वाली है, तो उतारने की चाबी भी जनता के पास ही है। उन्होंने ग्रामीणों से बिना किसी प्रलोभन के स्वच्छ छवि के लोगों को सदनों में भेजने का आह्वान किया।
विकल्प देने का दिया संकेत
ऋषिकेश। अन्ना हजारे ने जनसभा में देश को जल्द ही राजनीतिक विकल्प देने का संकेत दिया है। हालांकि, उन्होंने इस पर अभी कुछ बोलने से इनकार दिया, लेकिन वह इतना जरूर कह गए कि जल्द ही जनता को पर्याय दिया जाएगा।
मिस्ड कॉल कर जुड़ने का दिया संकल्प
ऋषिकेश। समाजसेवी अन्ना हजार ने लोगों को उनसे जुड़ने के लिए मिस्ड कॉल नंबर दिया। बताया कि मोबाइल नंबर 8879069688 से उनके साथ लोग जुड़ सकते हैं और अपने सवाल भी पूछ सकते हैं।