देहरादून। पांच महीने पहले जारी हुई वरिष्ठता सूची के बाद भी पदोन्नति न होने और चार महीने से दुर्गम से सुगम में शिक्षकों का समायोजन ने होने से शिक्षकों में भारी रोष है। इस संबंध में मंगलवार को उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक की और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिला शिक्षा अधिकारी ने 12 जुलाई को उप शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष धमेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वरिष्ठता सूची जारी करने के बाद पदोन्नति के लिए आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया था। पांच महीने बीत जाने के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। आश्वासन देने के बाद भी लंबे समय से कार्रवाई न होने से शिक्षकों में भारी रोष है। कालसी के सुगम के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को सहसपुर के दुर्गम के स्कूलों में समायोजित करने की मांग काफी दिनों से की जा रही है। बैठक में संघ के संरक्षक शशि दिवाकर, उपाध्यक्ष गंभीर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार लखेड़ा आदि मौजूद रहे।