भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि यह भाजपा का स्वर्णिम काल है, लेकिन हमे गलतफहमी में नहीं रहना है और निरंतर जनता के लिए संघर्ष करना है। अब भाजपा का समय है, केंद्र में अगले तीन दशकों तक भाजपा का राज रहेगा।
कार्यकर्ता केंद्र की योजनाओं और नीतियों को बूथ स्तर तक ले जाए और जनता को बताए कि मोदी सरकार ने क्या किया। देहरादून स्थित सर्वे ऑफ इंडिया के सभागार में प्रदेश भाजपा संगठन की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नेताओं व कार्यकर्ताओं को पूरे उत्साह के साथ काम करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 महीनों में एक भी काम केंद्र सरकार ने ऐसा नहीं किया जिससे कार्यकर्ता का सिर झुके। जिस कोल आवंटन से रॉयल्टी के रूप में यूपीए सरकार ने 3000 करोड़ कमाए थे उनमें से मात्र बीस खादानों की नीलामी से मोदी सरकार ने दो लाख करोड़ राजकोष में जमा किए।
अभी 200 खादानों की नीलामी होनी शेष है। टू-जी से यूपीए ने मात्र आठ हजार करोड़ कमाए लेकिन हमारी सरकार ने एक तिहाई टू-जी की नीलामी कर 1.9 लाख करोड़ की कमाई की। शाह ने कांग्रेस के आरोपों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हमें कारपोरेट जगत की सरकार बताया जा रहा है।
किसानों का मुआवजा डेढ़ गुणा बढ़ाया
मोदी सरकार ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना शुरू की, पचास साल पुराने किसान मुआवजे का कानून बदलकर डेढ़ गुणा बढ़ाया, पिछले बजट में गरीब लोगो की मदद के लिए मुद्रा बैंक की स्थापना की, जनधन योजना से 14 करोड़ लोगों को बैंक का रास्ता दिखाया, भूमि अधिग्रहण बिल में किसी इंडस्ट्री का प्रावधान नहीं रखा। क्या ये सब कारपोरेट जगत के लिए किया गया।
कार्यकर्ताओं को झकझोरते हुए उन्होंने कहा कि यह ईटली से आए लोगों की नहीं बल्कि तुम्हारे बीच से आए लोगों की सरकार है। देश नीति पर शाह ने कहा कि एक साल पहले तक अमेरिका मोदी को वीजा नहीं देता था, अब वहां के राष्ट्रपति ने मोदी के लिए कॉलम लिखा। सब जानते है कि हमारे प्रधानमंत्री विदेश में लिखा हुआ भाषण लेकर नहीं जाते।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि केंद्र की सारी योजनाओं को बूथ स्तर तक प्रचारित करे और ये भी बताए कि आज देश में देशभक्त प्रधानमंत्री है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आहवान कर कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने के बाद अब अब संपर्क महाअभियान और नए सदस्यों के प्रशिक्षण अभियान पर जुटना होगा। कुछ मीडिया हाउस और विपक्षी दल जो भ्रम फैला रहे हैं पार्टी कार्यकर्ता उसे दूर करने का काम करे।