भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को भ्रष्टाचारी सरकार से मुक्ति दिलाएगी। उन्होंने राज्य की जनता से वर्ष 2017 के चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने की अपील की। विश्वास दिलाया कि भाजपा केंद्र की तरह उत्तराखंड में भी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देकर विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। अमित शाह हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में भाजपा की शंखनाद रैली को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
अमित शाह ने करीब 28 मिनट के संबोधन की शुरूआत उत्तराखंड की जनता के अभिवादन और भगवान केदारनाथ व बदरीनाथ की असीम कृपा से शुरू की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने लोकसभा चुनावों में जिस तरह से पांचों सीट जिताकर भारतीय जनता पार्टी को 30 साल बाद पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का अवसर प्रदान किया।
इसके लिए भाजपा यहां की जनता की ऋणी है। उन्होंने सबसे पहले कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि आज सहिष्णुता और स्वतंत्रता की बात करने वाली कांग्रेस ने 25 जून के दिन ही देश में इमरजेंसी लगाई थी।
विज्ञापन
Trending Videos
'जनता ने नहीं सोनिया और राहुल ने सुनी मनमोहन की आवाज'
शंखनाद रैली में अमित शाह
- फोटो : अमरउजाला
सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि इमरजेंसी लगाने के लिए देश की जनता कभी भी कांग्रेस को माफ नहीं करेगी।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश जाने से पहले यह पूछे जाने पर कि दो साल में मोदी सरकार ने क्या किया है, वह राहुल गांधी पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि सबसे पहले तो इन दो सालों में देश को एक बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है। 10 साल तक कांग्रेस के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह मौनी बाबा बने रहे।
उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह की आवाज जनता ने तो कभी नहीं सुनी। केवल सोनिया और राहुल गांधी ने ही उनकी आवाज सुनी है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रधानमंत्री जनधन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जीवन बीमा सुरक्षा, अटल पेंशन आदि योजनाओं की चर्चा की।
उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार स्टिंग की सरकार है। पहले मुख्यमंत्री के सचिव का शराब घोटाले को समर्पित स्टिंग आया और इसके बाद खुद मुख्यमंत्री एक-एक विधायक को पांच पांच करोड़ रुपये देते हुए स्टिंग में फंस गए। जनता की गाढ़ी कमाई को मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने में लुटा रहे हैं।
उन्होंने जनता से वादा किया कि एक बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पर विश्वास करें, उत्तराखंड में भी केंद्र की तरह भ्रष्टाचार मुक्त विकास को समर्पित सरकार देगी। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड के विकास के लिए बनी योजनाओं का विस्तार से जिक्र किया। प्रदेश सरकार पर केंद्र से आ रहे पैसे का सदुपयोग नहीं कर पाने का आरोप भी लगाया।
इससे पहले रैली को भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, डा. रमेश पोखरियाल निशंक, अजय टम्टा, महारानी राज्यलक्ष्मी, सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी आदि ने संबोधित किया। स्थानीय विधायक मदन कौशिक ने स्वागत व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर ने धन्यवाद भाषण पढ़ा। कार्यकर्ताओं ने अमित शाह का जोरदार स्वागत किया। रैली में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचे थे।