हरबर्टपुर और धर्मावाला क्षेत्र में शुक्रवार शाम से बिजली की आंख मिचौनी जारी रही। रात में भीषण गर्मी के बीच लोग पसीने से तर-बतर होते रहे। शनिवार को भी कोई सुधार नहीं हुआ। कई क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत भी बन गई। तिमली गांव में ओवरहेड टैंक से आपूर्ति न होने पर लोग पानी के लिए तरस गए। टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति की गई।
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की आंख मिचौनी शुरू हो गई है। हरबर्टपुर विद्युत उपखंड के हरबर्टपुर टाउन, जमनीपुर, ढकरानी और तिमली फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली की लाइन ट्रिप होने से कुछ-कुछ समय के अंतराल पर आपूर्ति बाधित होती रही। कई क्षेत्रों में ओवर हेड टैंक नहीं भर पाए। प्रधान तिमली शमशीना, आत्माराम, राम कुमार, फुरकान, इमरान, मुस्तकिम ने बताया कि शुक्रवार से बिजली लगातार गुल हो रही है। शनिवार को भी यही सिलसिला चलता रहा। ग्रामीण एक साथ बिजली और पानी के संकट का सामना कर रहे हैं। कहा कि अगर सुधार न हुआ तो वह आंदोलन को मजबूर होंगे।
हरबर्टपुर विद्युत उपखंड अधिकारी विकास भारती ने बताया कि रात को ओवरलोड के चलते ट्रिपिंग की समस्या आ रही थी। बताया कि अब समस्या दूर हो गई है। वहीं, जलसंस्थान के सहायक अभियंता सूरज कुमार ने बताया कि बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने से ओवर हेड टैंक नहीं भर पाए। इसके चलते आपूर्ति में समस्या रही।