सीमांत तहसील क्षेत्र त्यूणी के नया बाजार स्थित एक क्रॉकरी की दुकान में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। थाना पुलिस की सूचना पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तहसील प्रशासन ने दुकान में करीब पांच लाख के नुकसान की रिपोर्ट एसडीएम को भेजी है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे लोगों ने नया बाजार स्थित क्रॉकरी की दुकान में धुआं उठते देखा। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग का दायरा बढ़ रहा था। मौके पर अग्निशमन यूनिट से दो दमकल पहुंचे। दमकलकर्मियों ने दुकान के शटर पर लगा ताला तोड़कर करीब 3.30 बजे आग को बुझाना शुरू किया। एक दमकल की मदद से शनिवार तड़के सुबह पांच बजे आग बुझ गई। लेकिन, दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
अग्निशमन यूनिट के प्रभारी सुनील रावत ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लगी थी। उन्होंने बताया कि दुकान त्यूणी के सैंज निवासी प्रशांत की है। उन्होंने दुकान विकासनगर तहसील क्षेत्र के डाकपत्थर रोड स्थित पुल नंबर एक निवासी एहतेशाम को किराये पर दे रखी थी। तहसीलदार गंगाराम पेटवाल ने बताया कि क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक ने मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन किया। बताया कि आग से करीब पांच लाख के नुकसान की रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी गई है। आग लगने की सूचना पर दुकान मालिक और किरायेदार दोनों मौके पर पहुंच गए थे।